नर्मदापुरम जिले के पुलिस अधीक्षक सांई कृष्णा थोटा ने मंगलवार दोपहर सिवनी मालवा थाने का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न विभागों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने मालखाना, हवालात, कंप्यूटर कक्ष एवं अभिलेख (रिकॉर्ड) कक्ष की स्थिति देखी और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश थाना प्रभारी को दिए। एसपी थोटा ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया।
उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्रता से निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही थाना प्रभारी को पुलिस गश्त व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने, आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा क्षेत्र में सतत निगरानी बनाए रखने के लिए कहा।
साइबर अपराधों को लेकर भी एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और उन्हें गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में देरी से अपराधियों का मनोबल बढ़ता है, इसलिए त्वरित न्याय सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके अलावा एसपी ने थाना क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर कड़ी नजर रखने, जुआ-सट्टा एवं अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं को भी सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
एसपी सांई कृष्णा थोटा ने किया सिवनी मालवा थाने का औचक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश 