सिवनी मालवा अनुविभाग के शिवपुर थाना क्षेत्र में नरवाई की आग से फसल जलने से बच गई तथा बड़ी दुर्घटना टल गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विवेक यादव ने बताया की दिनांक 17 मार्च 2026 को फरियादी शिवकुमार पिता गोविंद सिंह यादव (32 वर्ष) निवासी शिवपुर ने थाने पर पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका खेत भिलाडिया–चन्द्रपुरा रोड पर स्थित है, जिसके पास ही केशव यादव, जितेंद्र यादव, राधेश्याम यादव एवं शेखर यादव के खेत भी लगे हुए हैं, जिनमें गेहूं की फसल खड़ी है।
फरियादी के अनुसार, पड़ोस में मोरसिंह कुशवाह का खेत है, जिसने पहले ही अपनी गेहूं की फसल काट ली थी। 17 मार्च की सुबह करीब 9 बजे, जब सभी किसान अपने-अपने खेतों पर मौजूद थे, तभी मोरसिंह कुशवाह ने अपने खेत में बची नरवाई (फसल अवशेष) में आग लगा दी। आग तेजी से फैलने लगी और पास के खड़े गेहूं के खेतों तक पहुंचने का खतरा पैदा हो गया। यह देखकर आसपास के किसान तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान आरोपी मोरसिंह कुशवाह ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए रोकने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी भी दी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए किसानों ने तत्काल फायर टैंकर को बुलाया, जिसकी मदद से आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो आसपास के कई खेत जल सकते थे और बड़ी जनहानि की आशंका थी। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी मोरसिंह कुशवाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 351(3), 280, 287, 326(क) एवं 223(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।

