Liquor शराब की बोतलों से मिलावट का कथित वीडियो वायरल, जिला आबकारी अधिकारी बोले जांच के बाद होगी कार्रवाई
सिवनी मालवा| सागर में कथित जहरीली शराब से मौतों के मामले के बाद शराब की गुणवत्ता और अवैध मिलावट को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच सिवनी मालवा के बानापुरा स्थित बाबूजी लिकर्स की कंपोजिट मदिरा दुकान का एक कथित वीडियो सामने आया है, जिसमें दुकान के कर्मचारी शराब की बोतलों के साथ छेड़छाड़ करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में एक व्यक्ति शराब की बोतल खोलकर उसमें मौजूद शराब Liquor को खाली करता नजर आ रहा है। इसके बाद बोतल में पानी जैसा कोई पदार्थ डाले जाने और फिर बोतल को दोबारा सील किए जाने का दृश्य भी दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शराब की गुणवत्ता और दुकान में चल रही कथित गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रही गतिविधि की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले को लेकर नगर कांग्रेस अध्यक्ष स्वदेश शर्मा का कहना है की सागर में हुई घटना के बाद भी आबकारी विभाग की नींद नहीं खुल रही है शायद विभाग किसी बड़े हादसे के इन्तजार में है उन्होंने पूरे मामले में टीम बना जांच की मांग की है।
वहीं जिला आबकारी अधिकारी राजीव प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि वीडियो अभी विभाग के संज्ञान में आया है। पहले इसकी सत्यता की जांच की जाएगी कि वीडियो सिवनी मालवा की किस दुकान का है। उन्होंने कहा कि वीडियो में किसी व्यक्ति द्वारा पानी जैसा पदार्थ मिलाते हुए दिखाई दे रहा है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि आबकारी विभाग वीडियो की जांच के साथ-साथ संबंधित शराब के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच करता है या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार की मिलावट या अनियमितता सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है, यह भी महत्वपूर्ण होगा। सागर की घटना के बाद सामने आए इस कथित वीडियो ने शराब की दुकानों की निगरानी और आबकारी विभाग की जांच व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

