सिवनी मालवा तहसील के ग्राम जीरावेह स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) द्वारा जन स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम डेठी में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आंगनवाड़ी केंद्र डेठी एवं शासकीय माध्यमिक शाला डेठी में आयोजित हुआ, जिसमें ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना, आयुर्वेद एवं योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आयुर्वेद आधारित दिनचर्या (दैनिक जीवनशैली), ऋतुचर्या (मौसमी जीवनशैली) एवं प्राणायाम के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
आंगनवाड़ी केंद्र में आयोजित सत्र के दौरान ग्रामवासियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों द्वारा रोग के अनुसार उचित परामर्श देते हुए आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की जांच की गई तथा उन्हें ‘गर्भाणी परिचर्या’ के अंतर्गत गर्भावस्था में खान-पान, दिनचर्या एवं सावधानियों के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर की चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैशाली लोवंशी (CAMO), रेखा गौर (दवासज), गुरुशरण मालवीय (योग प्रशिक्षक), शिवानी गुजर (योग सहायिका), आशा कार्यकर्ता मोनिका कीर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मनीषा बारवे एवं सहायिका सविता धानक सहित अन्य स्थानीय सहयोगी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें घर के पास ही स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक दवाएं मिल जाती हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
शिविर में कुल 83 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। आयोजन के अंत में नियमित रूप से ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता एवं सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ाया जा सके।

