खेड़ापति मंदिर में चोरी, दान पेटी के रुपये और सामान ले गए बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी
सिवनी मालवा की उपनगरी बानापुरा स्थित खेड़ापति मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर की दान पेटी में रखे रुपये एवं अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना का पता बुधवार सुबह उस समय चला जब श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे और मंदिर का ताला टूटा हुआ देखा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने सिवनी मालवा थाने को सूचना दी। सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी सुधाकर बारसकर, उपनिरीक्षक कमलेश शर्मा एवं नरेंद्र लिल्लोरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें दो युवक मंदिर की गली से निकलते हुए दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि आरोपी मंदिर की ढोलक को पास ही स्थित एक खंडहरनुमा मकान के पास फेंककर फरार हो गए।
थाना प्रभारी सुधाकर बारसकर ने बताया कि मंदिर में चोरी की सूचना प्राप्त हुई थी। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक मंदिर का सामान ले जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मंदिर में चोरी की घटना से क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है तथा उन्होंने पुलिस से शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

