सिवनी मालवा में शराब की ओवररेटिंग का खेल जारी, एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरलसिवनी मालवा में शराब की ओवररेटिंग का खेल जारी, एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
Spread the love

सिवनी मालवा में शराब की ओवररेटिंग का खेल जारी, एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
सिवनी मालवा में शराब दुकानों पर निर्धारित मूल्य (एमआरपी) से अधिक कीमत वसूलने का मामला एक बार फिर सामने आया है। दुकानों पर सेल्समैन ग्राहकों से प्रत्येक बोतल और क्वार्टर पर 40 रुपये से लेकर 200 रुपये तक अधिक राशि वसूल रहे हैं। इतना ही नहीं, शराब खरीदने वाले ग्राहकों को बिल भी नहीं दिया जा रहा है।

इस पूरे मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शराब दुकान का सेल्समैन एमआरपी से अधिक कीमत वसूलते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में एक ग्राहक शराब की बोतल खरीदता है, जिस पर एमआरपी 986 रुपये अंकित है, लेकिन सेल्समैन उससे 1100 रुपये वसूल लेता है। जब ग्राहक अधिक कीमत लेने का कारण पूछता है तो सेल्समैन जवाब देता है कि “इतने में ही आएगी।” वहीं बिल मांगने पर वह कहता है, “बिल नहीं देते है।”

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
जिले में 1 अप्रैल 2026 से नई आबकारी नीति लागू होने के बाद से ही शराब दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इन शिकायतों के आधार पर आबकारी विभाग ने 1 अप्रैल से 6 मई तक जांच की थी। शिकायतें सही पाए जाने पर वर्ष 2026-27 की आबकारी नीति के तहत 11 शराब ठेकेदारों पर कुल 14 लाख 25 हजार 634 रुपये का जुर्माना लगाया गया था।

हालांकि कार्रवाई के बावजूद शराब दुकानों पर ओवररेटिंग का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। ग्राहकों से खुलेआम अधिक कीमत वसूली जा रही है, जिससे विभागीय कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

6 जून को जिन 11 दुकानों पर जुर्माना लगाया गया था, उनमें भाजयुमो नेता अटल राय ग्रुप की तरोनकला, बीजनवाड़ा और बनखेड़ी स्थित दुकानें शामिल थीं। इसके अलावा अर्चना शिवहरे ग्रुप की पवारखेड़ा और पांजरा कलां, रुद्रदेव सुरा ग्रुप की तवानगर और चांदोन (इटारसी), बाबूजी लिकर्स की बानापुरा तथा विवेक पटेल की नन्दरवाड़ा स्थित शराब दुकानों पर भी कार्रवाई की गई थी। इनमें पवारखेड़ा की दुकान पर सबसे अधिक 3.15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
आबकारी अधिकारी ने कही कार्रवाई की बात
जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव द्विवेदी ने कहा कि एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब बेचना नियमों के विरुद्ध है। विभाग को जो भी शिकायतें प्राप्त होंगी, उनकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब तक की ख़बरें