इमरजेंसी गेट के पास भी लगी सीटें, सुरक्षा इंतजामों में मिली खामियों पर चालानी कार्रवाई
सिवनी मालवा नगर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए संचालित बसों में किस तरह लापरवाही बरती जा रही है, इसका खुलासा गुरुवार को पुलिस एवं यातायात पुलिस की जांच के दौरान हुआ। जांच में कुछ बसों के फर्स्टएड बॉक्स में प्राथमिक उपचार की सामग्री यानी मरहम-पट्टी की जगह नट-बोल्ट भरे हुए मिले, वहीं कई बसों में इमरजेंसी गेट के पास सीटें लगी हुई पाई गईं। सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी इन खामियों पर पुलिस ने चालानी कार्रवाई की।
दरअसल, बुधवार को नगर कांग्रेस द्वारा सीएम राइज स्कूल सहित नगर के अन्य स्कूलों में संचालित बसों की फिटनेस एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया था। कांग्रेस ने स्कूल बसों में नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर परिवहन मंत्री का पुतला दहन करने की चेतावनी भी दी गई थी। ज्ञापन के अगले ही दिन गुरुवार को पुलिस एवं यातायात पुलिस की टीम ने सीएम राइज स्कूल की बसों की जांच की।
जांच के दौरान बसों में सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई कमियां सामने आईं। कुछ बसों के फर्स्टएड बॉक्स में मरहम, पट्टी और प्राथमिक उपचार के जरूरी सामान की जगह नट-बोल्ट रखे मिले। वहीं अधिकांश बसों में इमरजेंसी गेट के पास सीटें लगी हुई पाई गईं, जिससे आपातकालीन स्थिति में विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इन खामियों को लेकर पुलिस ने संबंधित बसों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।
स्कूल बसों में इस तरह की लापरवाही बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है। बसों में फर्स्टएड बॉक्स का होना और उसमें जरूरी प्राथमिक उपचार सामग्री उपलब्ध रहना आवश्यक है, ताकि दुर्घटना या किसी आपात स्थिति में तत्काल मदद मिल सके। वहीं इमरजेंसी गेट को भी बाधा रहित रखना जरूरी है।
थाना प्रभारी नवीन पांडेय ने बताया कि नगर में संचालित सभी स्कूल बसों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि किसी बस में कमियां पाई जाती हैं तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल बसों की जांच जारी रहेगी।

