नर्मदापुरम जिले की सिवनी मालवा विधानसभा के अंतर्गत आने वाली शिवपुर तहसील के ग्राम भिलाडिया के नर्मदा घाट पर ऋषि पंचमी पर्व पर स्नान करने गई 2 महिलायें नहाते वक्त गहरे पानी में चली गई और डूब गई। उन्हें डूबता देख महिला रक्षा तवर के पति सचिन तवर भी बचाने के लिए नदी में कूदे परन्तु पानी अधिक होने के चलते वो भी नदी में डूबने लगे। तभी आसपास स्नान कर रहे लोगों ने उन्हें नदी से बाहर निकाला। तथा इसकी सूचना शिवपुर थाने में दी गई। पूरी घटना रविवार सुबह 10 बजे की बताई जा रही है। जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे तथा एनडीआरऍफ़ की टीम को भी बुलवाया गया।
थाना प्रभारी विवेक यादव ने बताया की सूचना मिलते ही तलाश शुरू कर दी गई थी। परन्तु अब तक दोनों महिलाओं का कोई पता नहीं चल पाया है। दोनों महिलायें ऋषि पंचमी के अवसर पर नर्मदा घाट पर स्नान करने आई थी और अचानक गहरे पानी में चली गई। दोनों महिलायें ग्राम फरीदपुर की रहने वाली है तथा देवरानी जेठानी हैं डूबने वाली महिलाओं में रक्षा तंवर उम्र लगभग 28 वर्ष तथा रानू तंवर उम्र लगभग 22 वर्ष है।
आपको बता दें की अभी बारिश के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। साथ ही भिलाडिया घाट पर गहराई भी अधिक है जिसके चलते आये दिन स्नान करने आये लोगों के डूबने की घटनाएं होती रहती है। वही घाट पर सुरक्षा के किसी प्रकार के इंतजाम नहीं है। पूर्व में भी घटना होने के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाने की मांग की है परन्तु प्रशासन के द्वारा किसी तरह के इंतजाम नर्मदा घाटों पर नहीं किये गए है।