सिवनी मालवा नगर में मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रस्तावित दौरे को लेकर गुरुवार को प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गईं। कलेक्टर सोनिया मीना और एसपी साईं कृष्णा थोटा सहित सभी विभागों के अधिकारियों ने संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों द्वारा कृषि उपज मंडी के सभागार में बैठक आयोजित कर सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान कार्यक्रम स्थल के रूप में मंडी प्रांगण, आईटीआई खेल मैदान और बीज निगम परिसर का निरीक्षण किया गया, वहीं हेलीपेड के लिए कॉलेज मैदान का चयन देखा गया।
कलेक्टर सोनिया मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे और आमसभा को लेकर विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 11 अप्रैल का कार्यक्रम अभी कन्फर्म नहीं है और शासन स्तर से आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने का इंतजार किया जा रहा है।
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रस्तावित तारीख 16 अप्रैल सामने आई है। इसी को ध्यान में रखते हुए तैयारियां की जा रही हैं और निरीक्षण के बाद मंडी प्रांगण को आमसभा के लिए उपयुक्त स्थान के रूप में तय किया गया है। प्रशासन और भाजपा संगठन दोनों ही स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद जारी है, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे को सफल बनाया जा सके।

