तमिलनाडु क्राइम ब्रांच ने 50 लाख की धोखाधड़ी के आरोप में सिवनी मालवा से एक युवक को गिरफ्तार किया है। वह ऐसे गैंग का सदस्य है, जो मोबाइल नंबर के अनैतिक गतिविधियों में यूज होने की बात कहकर केस दर्ज होने की धमकी देता है। गैंग के सदस्य नकली पुलिस अफसर बनकर पीड़ित को गिरफ्तारी का डर बताकर पैसे ऐंठते हैं।
दरअसल, तमिलनाडु के तांबरम जिले के रहने वाले सुरेश कुमार पिल्लई ने मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद वहां की क्राइम ब्रांच ने सिवनीमालवा पुलिस की मदद से आरोपी की मोबाइल लोकेशन के आधार पर दबोच लिया। जिस समय पुलिस ने ये कार्रवाई की आरोपी उसके दोस्त के साथ हाट बाजार के आसपास घूम रहा था।
आरोपियों ने 19 और 20 फरवरी को ठगी की घटना को अंजाम दिया था। जिसकी शिकायत पीड़ित ने 22 फरवरी को दर्ज कराई थी। करीब चार महीने बाद शुक्रवार को सिवनी मालवा के बाबरी गांव से आशीष यदुवंशी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं मनीष यदुवंशी अभी फरार है।
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर चेन्नई भेजा, मास्टरमाइंड फरार
गिरोह का मास्टरमाइंड मनीष सोम सिंह है, जो फरार है। गैंग में पांच लोग शामिल है। गिरफ्तार आरोपी आशीष को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी साहंगी दुग्गल की कोर्ट में पेश किया गया । जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड चेन्नई भेजा गया है।
पीड़ित बोला- महिला को अश्लील मैसेज भेजने के नाम पर डराया
मुरुगन स्टेट थाना तांबरम में पीड़ित सुरेश कुमार पिल्लई ने शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि 19 फरवरी को अज्ञात नंबर से कॉल आया था। उसने बताया कि हम ट्राई से बोल रहे हैं। उन्होंने बताया कि आपका सिम 9445564440 अगले 2 घंटे में बंद हो जाएगी। क्योंकि आपने एक सिम 6789425996 मुंबई में खरीदी है और उस सिम से महिलाओं को अश्लील मैसेज किए गए हैं।
नकली पुलिस अफसर से बात करवाई
आरोपियों ने इसके बाद कॉल ट्रांसफर किया। सामने वाले ने खुद को असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस बताया और उन्होंने मुंबई आने को कहा। साथ ही कहा की यदि मुंबई नहीं आना है तो स्काइप एप डाउनलोड कर लो। उसके बाद स्काइप आईडी शेयर की और जुड़ने का कहा। जिससे मैं जुड़ गया। उन्होंने सारी जानकारी मुझसे ले ली। उन्होंने मुझे गिरफ्तारी का डर बताया। मैं डर गया। उन्होंने जो अकाउंट नंबर दिया था, उस पर मैंने 50 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।
बेरोजगारों से बैंक खाते खुलवाता था आरोपी
सिवनी मालवा थाना प्रभारी उषा मरावी ने बताया की तमिलनाडु के तांबरम जिले की क्राइम ब्रांच की टीम सिवनी मालवा पहुंची थी। एक आरोपी आशीष यदुवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। आशीष बेरोजगारों को मुंबई, महाराष्ट्र और जयपुर, राजस्थान में नौकरी लगवाने के नाम पर वहां भिजवाता था। उनके बैंक खाते खुलवाता था और फिर उन खातों से लेन देन करता था।