नाहरकोला में शादी समारोह बना खूनखराबे का मैदान: चाकूबाजी में 1 की मौत, 6 घायल, पुलिस पर भी हमला
नर्मदापुरम जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नाहरकोला में रविवार रात एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाकूबाजी की इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद जब पुलिस आरोपियों को पकड़ने पहुंची तो उन पर भी हमला कर दिया गया, जिसमें एक आरक्षक बुरी तरह घायल हो गया।
शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, रामनारायण के भतीजे की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी अमर सिंह कीर शराब के नशे में समारोह में पहुंचा। रामनारायण ने उसे खाना खाने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने नशे में अपमानजनक बातें करना शुरू कर दीं। भीड़ अधिक होने के कारण उसे वहां से भेज दिया गया। कुछ देर बाद आरोपी अमर सिंह अपने बेटे लोकेश कीर के साथ वापस लौटा। इस बार अमर सिंह के हाथ में डंडा और लोकेश के पास चाकू था। दोनों ने आते ही विवाद शुरू कर दिया।
समझाने आए लोगों पर हमला
जब दूल्हे के चाचा हरिनारायण ने उन्हें समझाने की कोशिश की तो लोकेश ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए दौलत कीर, रामनारायण कीर, जय नारायण कीर और महिला क्षमा बाई सहित अन्य लोगों पर भी आरोपियों ने ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। इस हमले में दौलत कीर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वहीं रामनारायण और जय नारायण सहित अन्य घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल नर्मदापुरम रेफर किया गया है।
पुलिस पर भी किया हमला
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी केएन रजक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपियों को पकड़ने के दौरान जब पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने आरक्षक ओम जाट पर भी चाकू से हमला कर दिया। आरक्षक ओम जाट के पेट, हाथ और पैर में कुल 9 जगह चाकू के वार लगे। गंभीर हालत में उन्हें सिवनी मालवा से नर्मदापुरम रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
आधी रात को मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात पुलिस अधीक्षक सांई कृष्णा एस थोटा, एएसपी और एसडीओपी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसपी ने अस्पताल जाकर घायल आरक्षक की स्थिति का जायजा लिया।
आरोपियों की तलाश जारी
एसपी सांई कृष्णा एस थोटा ने बताया कि बाप-बेटे के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और उनकी तलाश जारी है।
घटना में घायल महिला क्षमा बाई ने बताया कि डीजे बजने को लेकर आरोपी अमर सिंह गाली-गलौज कर रहा था। समझाने पर वह चला गया, लेकिन कुछ देर बाद अपने बेटे के साथ लौटकर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में उनके भाई की मौत हो गई।

