अबीर गुलाल व रंगों का त्यौहार शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाने को लेकर शिवपुर थाना परिसर में शुक्रवार को शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। थाना प्रभारी विवेक यादव की अध्यक्षता में की गई बैठक में उपस्थित लोगों ने होली का त्योहार आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का निर्णय लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी विवेक यादव ने कहा कि होली का पर्व महान पर्व है इसमें लोग एक दूसरे को रंग व गुलाल का प्रयोग करके खुशी मनाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान आपसी सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस व प्रशासन की पैनी निगाह रहेगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर भी पुलिस की निगाहें रहेगी। असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा। भड़काऊ पोस्ट करने वाले व्हाट्सएप ग्रुप से बचने की जरूरत है।
थाना प्रभारी ने कहा कि होली पर्व प्रेम और आपसी भाईचारे का त्यौहार है। जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोगों को एकाग्रता बनाकर शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने का अनुरोध किया। साथ ही कहा कि कोई भी शराब का सेवन या धंधा करते पकड़ा गया तो किसी भी कीमत में नही बक्शा जायेगा। होली के दिन पुलिस प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाने के लिए पूर्ण व्यवस्था की गई है। किसी प्रकार की कही कोई गलत घटना या अपराध न हो इसकी उचित व्यवस्था की गई है।