सिवनी मालवा नगर में एक महिला पूजा दुबे ने समूह के नाम पर लोन दिलवाकर, समूह की महिलाओं के रुपये लेकर फरार हो गई थी। पूरे मामले में विगत दिवस समूह की महिलाओं ने सिवनी मालवा थाने में कार्रवाई किये जाने को लेकर आवेदन दिया था साथ ही सभी महिला एसडीओपी कार्यालय भी शिकायत करने पहुंची थी। बुधवार को सभी महिलायें पुनः सिवनी मालवा थाने पहुंची जहाँ उन्होंने थाना प्रभारी उषा मरावी से चर्चा की। जिस पर थाना प्रभारी ने सभी महिलाओं को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सिवनी मालवा थाने पहुंची महिलाओं ने बताया की पूजा दुबे नामक महिला जिसका पति सिवनी मालवा आईटीआई में भृत्य के पद पर पदस्थ है। वो सभी महिलाओ को आईटीआई में ही एकत्रित कर उनका समूह बनवा लोन दिलवाती थी। उसने लगभग 11 बैंक जिनमे आईडीऍफ़सी, एचडीऍफ़सी, बीएसएस माइक्रो फायनेंस, फ्यूज़न, अन्नपूर्णा, बंधन, भारत फायनेंस, एचडीबी फायनेंस, तरासना सहित विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से ऋण उपलब्ध कराया। सभी समूह की महिला पूजा दुबे को ही किश्त के पैसे देती थी कुछ दिनों तक महिला के द्वारा बराबर पैसे जमा किये गए। बाद में सभी के पैसे लेकर महिला फरार हो गई। महिलाओं ने बताया की पूजा दुबे लगभग 250 महिलाओं के पैसे जो की लगभग 70 लाख रूपये थे लेकर गई है। उन्होंने पुलिस से मांग की है की जल्द से जल्द महिला को गिरफ्तार कर उन्हें उनके रूपये वापस दिलाये जाएँ।
थाना प्रभारी उषा मरावी ने बताया की पूरे मामले में महिलाओं ने आवेदन दिया था। सभी महिलाओं के बयान दर्ज कराये जा रहे है। जिसके बाद संबंधित बैंक सहित फायनेंस कम्पनी को लोगों को बुला उनसे जानकारी ली जायेगी की किस आधार पर महिलाओं को लोन दिए गए थे। जांच के बाद पूरे मामले में एफआईआर दर्ज की जायेगी।

