भारतीय किसान संघ सिवनी मालवा की नई कार्यकारिणी का हुआ गठन
सिवनी मालवा के सरदार वल्लभ मांगलिक भवन सिवनी मालवा में सोमवार शाम भारतीय किसान संघ की नवीन कार्यकारिणी घोषित की गई। जिसमें रामेश्वर जाट को तहसील अध्यक्ष, सोनू भदौरिया तहसील मंत्री और नितेश भारद्वाज को पुनः मीडिया प्रभारी बनाया गया। कार्यकारिणी गठन में 56 ग्राम ईकाई का गठन किया गया सम्मेलन की अध्यक्षता प्रेमनारायण पटेल ने की। इस अवसर पर किसानो को संबोधित प्रांतीय संगठन मंत्री मनीष शर्मा ने कहा की बढ़ती हुई जनसंख्या के साथ भोजन की आपूर्ति के लिए मानव द्वारा खाद्य उत्पादन की होड़ में अधिक से अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए तरह-तरह की रासायनिक खादों, जहरीले कीटनाशकों का उपयोग, प्रकृति के जैविक और अजैविक पदार्थो के बीच आदान-प्रदान के चक्र को प्रभावित करता है, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति खराब हो जाती है, साथ ही वातावरण प्रदूषित होता है तथा मनुष्य के स्वास्थ्य में गिरावट आती है।
प्राचीन काल में मानव स्वास्थ्य के अनुकुल तथा प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप खेती की जाती थी, जिससे जैविक और अजैविक पदार्थो के बीच आदान-प्रदान का चक्र निरन्तर चलता रहा था, जिसके फलस्वरूप जल, भूमि, वायु तथा वातावरण प्रदूषित नहीं होता था। भारत वर्ष में प्राचीन काल से कृषि के साथ-साथ गौ पालन किया जाता था, जिसके प्रमाण हमारे ग्रांथों में प्रभु कृष्ण और बलराम हैं जिन्हें हम गोपाल एवं हलधर के नाम से संबोधित करते हैं अर्थात कृषि एवं गोपालन संयुक्त रूप से अत्याधिक लाभदायी था, जोकि प्राणी मात्र व वातावरण के लिए अत्यन्त उपयोगी था। परन्तु बदलते परिवेश में गोपालन धीरे-धीरे कम हो गया तथा कृषि में तरह-तरह की रसायनिक खादों व कीटनाशकों का प्रयोग हो रहा है अब हम रसायनिक खादों, जहरीले कीटनाशकों के उपयोग के स्थान पर, जैविक खादों एवं दवाईयों का उपयोग कर, अधिक से अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं जिससे भूमि, जल एवं वातावरण शुध्द रहेगा और मनुष्य एवं प्रत्येक जीवधारी स्वस्थ रहेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भारतीय किसान संघ राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष रामभरोस वसोतीया, प्रांतीय संगठन मंत्री मनीष शर्मा, प्रांतीय उपाध्यक्ष नरेन्द्र दोगने, संभागीय संगठन मंत्री दिनेश शर्मा, प्रांतीय सदस्य सूरज बली जाट, जिला अध्यक्ष देवेन्द्र पटेल, जिला मंत्री उदय पांडे, जिला जल संस्था अध्यक्ष दीपचंद नवाद, ओमप्रकाश उपाध्याय सहित भारतीय किसान संघ प्रांत, संभाग जिला एवं तहसील के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, किसान उपस्थित रहे।