इकलानी-नाहरकोला मार्ग की बदहाली से ग्रामीण परेशान, सड़क निर्माण की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
सिवनी मालवा तहसील क्षेत्र के ग्राम इकलानी के ग्रामीणों ने इकलानी से ग्राम नाहरकोला तक जाने वाले मार्ग की जर्जर हालत को लेकर प्रशासन से सड़क की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने एसडीएम के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार आलोक भद्र को सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि इकलानी से नाहरकोला तक जाने वाला मार्ग वर्तमान में बेहद खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके चलते ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को रोजाना आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों को सड़क पर गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं किसानों को कृषि कार्य के लिए अपने वाहनों से आने-जाने में भी परेशानी हो रही है। विद्यार्थियों और ग्रामीणों के लिए भी यह मार्ग आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि उक्त मार्ग प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित किया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश देकर सड़क का निरीक्षण कराया जाए और मार्ग की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हुए शीघ्र मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार सड़क निर्माण कार्य कराया जाए।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क खराब होने के कारण लंबे समय से परेशानी बनी हुई है। उनका कहना है कि प्रशासन द्वारा समय रहते सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के सामने आंदोलन का रास्ता अपनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं रहेगा।
ग्रामीण जय रघुवंशी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन माह के भीतर सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो ग्रामीण सामूहिक रूप से आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्धनग्न अवस्था में पैदल कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। साथ ही उन्होंने आगामी चुनाव में चुनाव बहिष्कार की चेतावनी भी दी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया जाए और सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

