विधायक प्रेमशंकर वर्मा सहित अधिकारियों की बैठक, CM के कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोरविधायक प्रेमशंकर वर्मा सहित अधिकारियों की बैठक, CM के कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर
Spread the love

सिवनी मालवा नगर में 16 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विशाल जनसभा कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के द्वारा तैयारियां की जा रही है। कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को व्यापक निरीक्षण और समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।

इसी क्रम में क्षेत्रीय विधायक प्रेमशंकर वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण थोटा ने कृषि उपज मंडी, बानापुरा पहुंचकर सभा स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हेलीपैड के लिए चिन्हित स्थान का बारीकी से जायजा लिया और वहां आवश्यक सुरक्षा एवं तकनीकी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस प्रशासन को विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, वीआईपी मूवमेंट के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार करने और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात शासकीय कुसुम महाविद्यालय में एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में प्रत्येक विभाग को उसकी जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से सौंपी गईं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव देते हुए स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार, ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों की सुगम आवाजाही तथा महिला, बुजुर्ग और दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह दौरा क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि “हम सभी का प्रयास है कि यह कार्यक्रम भव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक बने। इसके लिए प्रशासन और जनता का समन्वय बेहद आवश्यक है।” उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।