बस स्टैंड पर विधायक ने किया श्रमदान, सरस्वती शिशु मंदिर में छात्र करते रहे इंतजार
सिवनी मालवा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को सिवनी मालवा बस स्टैंड परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
बस स्टैंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने स्वयं साफ-सफाई कर श्रमदान किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के साथ मिलकर परिसर में जमा कचरा एवं गंदगी हटाई। इस दौरान नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील भी की गई।
बस स्टैंड परिसर में कार्यक्रम के बाद विधायक प्रेमशंकर वर्मा वहां से रवाना हो गए। इसके बाद स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं विधायक के पहुंचने का इंतजार करते रहे। हालांकि, निर्धारित कार्यक्रम के दौरान विधायक वहां नहीं पहुंच सके।
विधायक के कार्यक्रम में नहीं पहुंचने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष रीतेश जैन और एसडीएम विजय राय सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए परिसर की साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान नागरिकों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से शहर और क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।
गौरतलब है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई पर भी जोर दिया जा रहा है।

