सिवनी मालवा में महिला का शव फांसी के फंदे पर मिला, लिव-इन पार्टनर से पूछताछसिवनी मालवा में महिला का शव फांसी के फंदे पर मिला, लिव-इन पार्टनर से पूछताछ
Spread the love

सिवनी मालवा में महिला का शव फांसी के फंदे पर मिला, लिव-इन पार्टनर से पूछताछ

सिवनी मालवा के बानापुरा मोहल्ले में मंगलवार शाम एक महिला का शव घर में पंखे से लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान एवं नायब तहसीलदार आलोक भद्र ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान शिल्पा बकोरिया उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस को घटनास्थल से फिलहाल किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सिवनी मालवा सिविल अस्पताल भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल वाले घर को सील कर दिया गया है। बुधवार सुबह एफएसएल टीम के पहुंचने के बाद आगे की जांच के लिए घर को खोला जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, शिल्पा की करीब नौ वर्ष पहले भोपाल में शादी हुई थी। उसका मायका सिवनी मालवा के पास स्थित कहारिया गांव में बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वह अपने पति से अलग रह रही थी और फेसबुक के माध्यम से संपर्क में आए एक परिचित जीतेन्द्र बारबे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। घटना के संबंध में पुलिस द्वारा जीतेन्द्र बारबे से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

थाना प्रभारी नवीन पाण्डेय ने बताया कि महिला द्वारा फांसी लगाने की सूचना प्राप्त हुई थी। महिला की पूर्व में शादी होने की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार को भी मौके पर बुलाया गया था। उनकी मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई। फिलहाल मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

अब तक की ख़बरें