धरमकुंडी-इटारसी रोड पर बड़ा हादसा: रेत से भरा डंपर पलटा, दो घायल; 108 एम्बुलेंस नहीं पहुंची
सिवनी मालवा। तहसील के ग्राम धरमकुंडी के पास धरमकुंडी-इटारसी मार्ग पर ग्राम छापर की गुलाई के निकट रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तवा नदी से रेत भरकर इंदौर की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में डंपर में सवार दो युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार डंपर क्रमांक MP 47 H 4655 तवा नदी से रेत लेकर इंदौर की ओर जा रहा था। इसी दौरान छापर की गुलाई के पास मोड़ पर चालक वाहन से संतुलन खो बैठा, जिससे डंपर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय वाहन में अरुण और सुरेश नामक दो युवक सवार थे। हादसे में अरुण को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सुरेश भी घायल हुआ है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को डंपर के केबिन से बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई।
दुर्घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्थानीय नागरिकों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन किया, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। इससे ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी देखने को मिली
जनपद सदस्य शेरसिंह दरबार ने घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा, “यह बेहद शर्म की बात है कि इतने गंभीर हादसे के बाद भी समय पर 108 एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। यदि समय पर इलाज न मिलने से किसी की जान चली जाए तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?”
उन्होंने बताया कि जब 108 सेवा उपलब्ध नहीं हुई तो डायल 112 पर संपर्क किया गया। इसके बाद पुलिस की सहायता से दोनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल सिवनी मालवा पहुंचाया गया।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में 108 एम्बुलेंस सेवा को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि दुर्घटना या अन्य आपात स्थितियों में लोगों को समय पर उपचार मिल सके।

