लोकसभा चुनाव के लिए कर्मचारियों ने कसी कमर: रवाना की गई 318 पोलिंग पार्टियां
दूसरे चरण में नर्मदापुरम नरसिंहपुर संसदीय सीट पर 26 अप्रेल को मतदान होगा। मतदान पूर्ण स्वतंत्रता, निष्पक्षता एवं भयमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार से चुनाव प्रचार का शोर भी थम गया है। अब लोगों को लोकतंत्र के पर्व 26 अप्रेल का इंतजार है। सिवनी मालवा के शासकीय कुसुम महाविद्यालय में मेले जैसा माहौल नजर आया। यहां से गुरुवार सुबह पार्टियां रवाना होने लगी। सुबह 7 बजे से विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 136 सिवनी मालवा के मतदान दलों को प्रशिक्षण के बाद मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।
सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्रों में 318 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। जिसके लिए 318 दलों को मतदान सामग्री वितरित कर रवाना किया गया है साथ ही 32 रिजर्व दल है। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी। यहां सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है। सहायक निर्वाचन अधिकारी सरोज सिंह परिहार ने बताया कि मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था भी की गई है।
मतदान दलों के सामग्री वितरण के पश्चात वाहनों से मतदान केंद्र के लिए रवाना किया गया है। गुरुवार सुबह 7 बजे से विधानसभा क्षेत्र सिवनी मालवा के मतदान दलों को सामग्री का वितरण कार्य शुरू हो गया था। सामग्री वितरण के बाद सभी दलों को अपने गंतव्य स्थान के लिए रवाना किया गया। निष्पक्ष व शांतिपूर्ण लोकसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस व अर्धसैनिक बल का तैनात किये गए है।