भिलाड़िया कला में आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर ली जानकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में करीब 50 लोगों की हुई जांच, जलस्रोतों में डालने ब्लीचिंग पाउडर भी बांटा
सिवनी मालवा तहसील के ग्राम भिलाड़िया कला में 24 नवंबर को कथित डेंगू पीड़िता की मौत की खबर सामने आने के बाद आखिरकार प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां शुरू कीं। आशा कार्यकर्ताओं सहित स्वास्थ्य विभाग के अमले ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से जानकारी ली और उन्हें साफ-सफाई रखने के साथ ही बीमारी से बचाव के उपाय बताए। वहीं घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा जलस्रोतों में डालने के लिए ग्रामीणों को ब्लीचिंग पाउडर भी वितरित किया गया।
इसके साथ ही ग्राम भिलाड़िया कला स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बुखार, सर्दी-खांसी सहित डेंगू के संभावित लक्षणों वाले लोगों की जांच की गई। जरूरत के अनुसार लोगों के रक्त के नमूने लेकर खून की जांच भी कराई गई, ताकि बीमारी की स्थिति का पता लगाया जा सके और समय रहते उपचार शुरू किया जा सके।
उपचार कर रहे डॉ. ब्रजेश राजपूत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में घर-घर जाकर सर्वे कर रही है। सर्वे के दौरान जिन लोगों में बीमारी के लक्षण दिखाई दे रहे हैं, उन्हें जांच के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा जा रहा है। अब तक लगभग 50 लोगों की जांच की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि यदि जांच में कोई मरीज डेंगू पॉजिटिव पाया जाता है तो उसे अस्पताल में भर्ती कराकर उचित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
गौरतलब है कि ग्राम भिलाड़िया कला में पिछले करीब एक माह से ग्रामीणों में बुखार और डेंगू जैसे लक्षण सामने आने की शिकायतें मिल रही थीं। ग्रामीणों के निजी अस्पतालों में उपचार कराने की जानकारी भी सामने आई थी। इसके बावजूद अब तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्थिति को लेकर स्पष्ट पुष्टि नहीं की गई थी। 24 नवंबर को कथित डेंगू पीड़िता की मौत की खबर के बाद गांव में स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता बढ़ी है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि नियमित जांच, साफ-सफाई और बचाव के उपायों से बीमारी के प्रसार पर रोक लग सकेगी।
