आंवरी तिराहे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल
सिवनी मालवा क्षेत्र के ग्राम आंवरी तिराहे पर रविवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक हर्षित गौर घायल हो गया। हादसे में युवक के सिर, जबड़े, हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए नर्मदापुरम लेकर पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी विशाल गौर पिता बृजमोहन गौर (21 वर्ष), निवासी खरखेड़ी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 18 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:10 बजे वह अपनी मां सविता गौर के साथ मोटरसाइकिल से टिगरिया से हिरणखेड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसके गांव का हर्षित गौर पिता नर्मदाप्रसाद गौर मिसरोद से टिगरिया की तरफ जा रहा था।
जब हर्षित ग्राम आंवरी तिराहे पर पहुंचा, तभी आंवरी की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से हर्षित बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। विशाल गौर और उसकी मां सविता गौर ने मौके पर पहुंचकर उसे उठाया। हादसे में हर्षित के सिर, जबड़े और हाथ सहित शरीर पर चोटें आईं तथा खून बहने लगा। वह बेहोश हो गया।
फरियादी के अनुसार, घटना के समय आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे थे, जिन्होंने हादसा देखा। टक्कर मारने वाला ट्रैक्टर सोनालिका कंपनी का नीले रंग का था, जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी। ट्रैक्टर के साथ नारंगी रंग की ट्रॉली लगी हुई थी। फरियादी ने चालक को पहचानने के बाद उसका नाम बताने की बात कही है।
घटना के बाद विशाल गौर ने धीरज गौर को सूचना दी। इसके बाद परिवार के लोग घायल हर्षित को कार से उपचार के लिए नर्मदापुरम लेकर गए। विशाल गौर और धीरज गौर ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।

