world environment dayworld environment day
Spread the love

सिवनी मालवा में (world environment day) विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद द्वारा उपनगरी बानापुरा स्थित नवनिर्मित मोहन पार्क में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई, जिसमें पार्क परिसर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से लगभग 200 पौधे लगाए गए। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं स्वच्छ वातावरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

नगर पालिका अध्यक्ष रीतेश जैन ने कहा कि उपनगरी बानापुरा में लंबे समय से एक सार्वजनिक पार्क की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। क्षेत्र के नागरिकों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए मनोरंजन एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मोहन पार्क का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पार्क में लगभग 200 पौधों का रोपण किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में यह क्षेत्र हरियाली से आच्छादित होकर लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

वहीं नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अमर सिंह उइके ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा नगर क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख एवं संरक्षण की भी व्यवस्था की जाएगी ताकि वे वृक्ष बनकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नगर पालिका कर्मचारियों ने नागरिकों से भी अपने घरों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देने का संकल्प लिया।

अब तक की ख़बरें